मध्यप्रदेश के कई शहरों में आज बारिश हुई है, इंदौर और भोपाल में तो लगभग हर दिन ही बारिश हुई है, जिससे प्रदेश का मौसम खुशनुमा हो गया है। 

दिल्ली और एनसीआर के लोगों को तपती गर्मी से बृहस्पतिवार या फिर 1 जुलाई को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पश्चिम मानसून 30 जून या 1 जुलाई को दिल्ली में दस्तक दे सकता है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आरके जेनामनी ने मंगलवार को कहा, 30 जून को दिल्ली में अच्छी बरसात होने के आसार हैं। इसे ही दिल्ली में मानसून की दस्तक माना जा सकता है।

मानसून के अगले 24 घंटे में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में भी आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बन रही हैं। उन्होंने कहा, इस क्षेत्र में पूर्वी हवाओं, नमी और संवहनी गतिविधि में वृद्धि हुई है।

मौसम विभाग ने 30 जून के लिए मध्यम बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। इसके बाद 1 जुलाई को राष्ट्रीय राजधानी का अधिकतम तापमान घटकर 33-34 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं। 

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में ही मौसम करवट लेना शुरू कर देगा। बादल छाए रहने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हल्की बारिश भी हो सकती है। इसे लेकर विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।

मंगलवार को बिहार में बिजली गिरने और आंधी में 16 लोगों की मौत हो गई। पूर्वी चंपारण जिले में चार, भोजपुर और सारण में तीन-तीन, पश्चिम चंपारण और अररिया में दो-दो और बांका और मुजफ्फरपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक पीड़ित के परिवारों के लिए चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।

दिल्ली के विभिन्न केंद्रों पर अधिकतम तापमान – पालम- 42.2 – रिज- 42.4 – आयानगर-42.2 – जफरपुर-42.2 – मुंगेशपुर- 43.2 – नजफगढ़- 44.2